कोरोना की दूसरी लहरे के थमने के बाद आर्थिक गतिविधियों में आई तेजी, टीकाकरण की तेज गति से भरोसा बढ़ने और सितंबर में सरकार के व्यय में वृद्धि होने की बदौलत शोध सलाह देने वाली एजेंसी इक्रा ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में देश की आर्थिक विकास दर का अनुमान 7.7 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.9 प्रतिशत कर दिया है।
इक्रा ने गुरुवार को जारी रिपोर्ट में कहा कि सितंबर में केंद्र सरकार के व्यय में वृद्धि की बदौलत उसने वित्त वर्ष 2022 की दूसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की साल-दर-साल वृद्धि दर का अनुमान 7.7 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.9 प्रतिशत किया है। इसी तरह सकल मूल्य वर्द्धित (जीवीए) दर का अनुमान भी बढ़ाकर 7.4 किया गया है। इसके अलावा दूसरी तमाही में उद्योग की जीवीए दर 8.5 प्रतिशत, सेवा क्षेत्र की 7.9 प्रतिशत और कृषि, वानिकी एवं मत्स्ययन क्षेत्र की तीन प्रतिशत रहने का अनुमान है।