नई दिल्ली:– चिलचिलाती गर्मी और भीषण धूप के इस मौसम में गला सूखना और बार-बार प्यास लगना एक सामान्य बात मानी जाती है। लोग अक्सर इसे गर्मी का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पर्याप्त पानी पीने के बाद भी अगर आपका मुंह बार-बार सूख रहा है तो यह सामान्य प्यास नहीं बल्कि आपके शरीर द्वारा दिया जा रहा एक गंभीर वार्निंग सिग्नल हो सकता है। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को जेरोस्टोमिया कहा जाता है।
क्या है जेरोस्टोमिया
मुंह सूखने की मुख्य वजह लार की कमी होना है। हमारे मुंह में मौजूद सलाइवा ग्लैंड्स जब पर्याप्त मात्रा में लार बनाना बंद कर देते हैं तो मुंह में सूखापन महसूस होने लगता है। लार हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह न केवल भोजन को पचाने में मदद करती है बल्कि मुंह को गीला रखकर कीटाणुओं से लड़ने और ओरल हाइजीन बनाए रखने में भी बड़ी भूमिका निभाती है। इसके बिना भोजन को निगलना और पचाना काफी मुश्किल हो जाता है।शुरुआती लक्षण
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार बार-बार मुंह सूखना कई गंभीर बीमारियों की दस्तक हो सकती है। इसमें सबसे प्रमुख डायबिटीज है। जब शरीर में ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है तो किडनी उसे बाहर निकालने के लिए अतिरिक्त मेहनत करती है जिससे बार-बार पेशाब आता है और शरीर में पानी की कमी होने लगती है जिसके परिणामस्वरूप मुंह सूखता है।
दवाइयों का साइड इफेक्ट
बीमारियों के अलावा अगर आप हाई ब्लड प्रेशर, एलर्जी या घबराहट जैसी समस्याओं के लिए नियमित दवाएं ले रहे हैं तो इनका साइड इफेक्ट भी मुंह सूखने का कारण बन सकता है। ये दवाएं लार बनाने वाली ग्रंथियों की सक्रियता को धीमा कर देती हैं।बचाव के लिए क्या करें
गर्मियों में खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए केवल सादा पानी ही काफी नहीं है।
अपनी डाइट में नींबू पानी, नारियल पानी और ओआरएस के घोल को शामिल करें।
तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे अधिक पानी वाले फलों का सेवन बढ़ाएं।
चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन कम करें क्योंकि ये शरीर को और अधिक डिहाइड्रेट करते हैं।
ताजगी के लिए पानी में पुदीने की पत्तियां डालकर पिएं।
डॉक्टर से परामर्श
यदि खूब पानी पीने और सावधानी बरतने के बावजूद कई दिनों तक समस्या बनी रहती है या आपको चबाने और निगलने में कठिनाई हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।
