नई दिल्ली:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के मतदान पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने “अंग, बंग और कलिंग” क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी क्षेत्रों में भी बीजेपी को बढ़त मिल रही है।
अमित शाह ने कहा कि रिकॉर्ड मतदान यह दर्शाता है कि जनता का लोकतंत्र पर भरोसा और उत्साह बढ़ा है। उन्होंने पहले चरण के मतदाताओं का धन्यवाद किया और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग, बंगाल पुलिस, सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।
इस बार बिना डर के मतदान हुआ
शाह के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में लोगों ने बिना डर के मतदान किया है, जो बदलाव के पक्ष में जनादेश का संकेत है। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब “भय से भरोसे” की ओर बदलाव हो रहा है और परिवर्तन तय है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण की 152 सीटों में से बीजेपी 110 से अधिक सीटें जीत रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि रिकॉर्ड मतदान से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास और मजबूत हुआ है। शाह ने दावा किया कि राज्य में “आतंक का राज” खत्म होगा और उनकी सरकार बनने पर महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कौन बनेगा अगला मुख्यमंत्री?
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि टीएमसी “बाहरी बनाम स्थानीय” का मुद्दा उठा रही है, लेकिन अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली भाषा बोलने वाला और यहीं पढ़ा-लिखा व्यक्ति होगा, हालांकि वह टीएमसी से नहीं होगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी का ही एक कार्यकर्ता होगा और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता रहेगी।
