छत्तीसगढ़:- मानसून धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि कुछ इलाकों में अब भी उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, रायगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, महासमुंद और गरियाबंद जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पिछले 24 घंटे में कहाँ हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में लगभग 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, जगरगुंडा और मर्रीबंगला देवरी क्षेत्र में 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। इसके अलावा हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका पंजाब से लेकर बिहार तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तरी तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक अन्य पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मणिपुर तक सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिन के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने के संकेत दिए हैं। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों का कहना है कि 1 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और अधिक मजबूत हो सकती हैं, जिससे अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
