नई दिल्ली:- दिल्ली में आयोजित एक विशेष भजन क्लबिंग कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के बीच फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भक्तिमय संगीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और गायक साधु एस. तिवारी ने मंच पर प्रस्तुति दी। साधु एस. तिवारी ने फिल्म के चर्चित गीत ‘पार्वती’ पर प्रस्तुति दी, जबकि विशाल चतुर्वेदी ने ‘हृदय में जिनके सियाराम’ गीत गाया। बताया गया कि इस गीत के बोल और संगीत भी विशाल चतुर्वेदी से जुड़े हैं।
फिल्म के संगीत को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की बात सामने आई है। फिल्म का गीत ‘पार्वती’ यूट्यूब के भारत के वीकली टॉप सॉन्ग्स चार्ट में नंबर-1 और ग्लोबल म्यूजिक चार्ट में नंबर-2 तक पहुंचने का दावा किया गया है। बुंदेली लोक संगीत से प्रेरित इस गीत को 100 मिलियन से अधिक व्यूज मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ समेत फिल्म के अन्य गीतों को भी सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की प्रतिक्रिया मिली है। कार्यक्रम में फिल्म की टीम ने भक्ति संगीत को मंच पर प्रस्तुत किया, जिससे आयोजन में धार्मिक और आधुनिक संगीत का मिश्रण देखने को मिला।
