24 घंटे चिकित्सक, आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्पताल शुरू, विधायक प्रेमचंद पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हुए शामिल

कटघोरा/कोरबा। कटघोरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। नवागांव रोड स्थित मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (एमजेएम) नवीन मल्टीस्पेशलिटी चिकित्सालय का कैबिनेट मंत्री ने विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कटघोरा क्षेत्र के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। अस्पताल शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कोरोना काल को याद करते हुए डॉ. प्रिंस जैन की सेवा भावना की सराहना की। मंत्री ने बताया कि कठिन दौर में भी डॉ. जैन रात में फोन उठाकर मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था कराने में सहयोग करते थे। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के प्रति उनका संवेदनशील व्यवहार भी सराहनीय रहा।
अस्पताल संचालक डॉ. प्रिंस जैन ने बताया कि यहां 24 घंटे एमबीबीएस चिकित्सक, आईसीयू, आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, निजी वार्ड, 24 घंटे फार्मेसी और पैथोलॉजी जांच की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मेडिसिन, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं भी मिलेंगी। बड़े शहरों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की विजिट भी कराई जाएगी।
अस्पताल शुरू होने से कटघोरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए कोरबा, बिलासपुर और रायपुर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

शुभारंभ समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रतन मित्तल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

अस्पताल संचालक डॉ. प्रदीप जैन, डॉ. प्रिंस जैन एवं डॉ. आकांक्षा जैन ने क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प जताया।

