रोम में चल रही कैडेट वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में 2 महिला पहलवानों ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीते हैं। 43 किलो वेट में रितिका ने फाइनल में USA की पहलवान को 9-0 से हराया, जबकि 73 किलो वेट में प्रिया ने यूक्रेन की पहलवान को 10-0 से हराया। प्रिया ने फाइनल में यूक्रेन की मारिया ज़ेनकिना को पछाड़ा। वहीं दूसरी तरफ, रितिका ने यूक्रेन की अनास्तासिया पोलस्का को हराया।
रितिका के ताऊ नरेंद्र उर्फ ढीलू पहलवान ने बताया कि करीब तीन साल पहले गांव के शिव मंदिर में वह रितिका को अपने साथ ले गए। वहां अखाड़े में लड़कियां कुश्ती का अभ्यास कर रही थीं। उनको देखकर रितिका ने कहा कि ताऊ मैं भी कुश्ती खेलूंगी। ढीलू पहलवान ने बताया कि उसके बाद वह रोजाना रितिका को अखाड़े में लेकर जाने लगे। रितिका को अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखा तो रोहतक के छोटूराम स्टेडियम में अभ्यास के लिए लेकर आए। उसके बाद वह रोजाना रितिका को गांव मोखरा से सुबह व शाम दोनों समय अभ्यास के लिए अखाड़े में लेकर आते हैं।