नई दिल्ली :- आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस ने रविवार को अरविंद केजरीवाल के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। इस क्रम में पुलिस ने एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और प्रिंटर जब्त किया है। पुलिस ने 13 मई को हुई मारपीट की घटनाक्रमों को सुलझाने में लगी हुई है। मालीवाल ने कथित तौर पर सीएम केजरीवाल के पूर्व निजी सचिव विभव कुमार पर मारपीट को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। जांच से जुड़े करीबी सूत्रों ने खुलासा किया कि फुटेज को पुनः प्राप्त करने के प्रयास में डीवीआर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया गया। इससे उस दिन के बारे में जानकारी मिल सकती है। दिल्ली पुलिस बिभव कुमार को मुंबई ले जाने की कोर्ट से अनुमति चाहती है।
कोर्ट ने दी 5 दिन की पुलिस कस्टडी-
इससे पहले शनिवार को, बिभव कुमार को देर रात एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद बिभव कुमार को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, जांचकर्ताओं को सबूतों की तलाश में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह है कि बिभव कुमार कथित तौर पर गोलमोल जवाब दे रहे हैं। बताया गया है कि कुमार ने अपना मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया लेकिन पासवर्ड बताने से इनकार कर दिया। इसके अलावा, पुलिस ने तकनीकी समस्याओं का हवाला देते हुए दावा किया कि फोन एक दिन पहले ही फॉर्मेट किया गया था।
बिभव को मुंबई ले जाना चाहती है पुलिस-
फॉर्मेट किए हुए डिवाइस से महत्वपूर्ण डेटा को फिर से प्राप्त करने के लिए, दिल्ली पुलिस ने कुमार को मुंबई ले जाने की अनुमति मांगी है। यहां एक्सपर्ट फोन को अनलॉक करने का प्रयास कर सकते हैं। अदालत को सूचित किया गया कि जांच के लिए महत्वपूर्ण जानकारी तक पहुंचने के लिए कुमार का सहयोग आवश्यक है। बिभव कुमार के खिलाफ मामले में छेड़छाड़, गैर इरादतन हत्या का प्रयास, गलत तरीके से रोकना, हमला, आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल है.
