जबलपुर:- बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में मरने वालों की संख्या 11 तक पहुंच गई है. शनिवार को रेस्क्यू टीम ने दो छोटे बच्चों श्रीतमिल और विराज सोनी के शव बरामद किए. विराज की मां की इस हादसे में पहले ही मौत हो चुकी है.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार को बरगी डैम पर हुआ क्रूज़ हादसा अब एक बड़े मानवीय संकट में बदल गया है. शनिवार को कड़ी मशक्कत के बाद NDRF और SDRF की टीमों ने दो बच्चों श्रीतमिल और विराज सोनी के शव बरामद किए. विराज के पिता कृष्ण सोनी के लिए यह दुख असहनीय है, क्योंकि इस त्रासदी ने उनसे उनकी पत्नी और उनके इकलौते बेटे दोनों को छीन लिया है. परिवार के सदस्यों के आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं.
अब तक 11 की मौत
शनिवार को बचाव टीमों ने दो बच्चों के शव बरामद किए, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई. इनमें से एक बच्चे की पहचान 6 साल के विराज सोनी, पिता कृष्णा सोनी के रूप में हुई है. जबकि दूसरे की पहचान श्रीतमिल (5) पिता कामराज के रूप में हुई है. यह सफलता शाम के समय पूरे दिन चले तलाशी अभियान के बाद मिली. प्रशासन के अनुसार अभी भी तीन लोग लापता हैं, और उन्हें खोजने के लिए लगातार तलाशी अभियान जारी है. दुर्घटना स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है.
तमिलनाडु भेजा जा रहा शव
हादसे के समय तेज आंधी-बारिश और 74 किमी/घंटा की हवा के कारण क्रूज डूब गया था. बोट पर 47 लोग सवार थे. लेकिन टिकट केवल 29 लोगों के लिए ही जारी किए गए थे. 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. खराब मौसम की वजह से बचाव कार्य में बाधा आई और अब यह रविवार को फिर से शुरू होगा. मृतकों के शवों को तमिलनाडु भेजा जा रहा है.
विराज के पिता का बुरा हाल
इस दुखद घटना ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है. विराज के पिता ने अपनी पत्नी और बेटे दोनों को खो दिया है, जिससे पूरे परिवार पर मातम छा गया है. अपने बेटे का शव देखते ही वे पूरी तरह टूट गए और फूट-फूटकर रोने लगे.
