नई दिल्ली:– मानसून का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं घर में रखे अचार की देखभाल की चिंता भी बढ़ा देता है। बारिश के दिनों में हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) अधिक होने के कारण अचार जल्दी खराब होने लगता है। जार खोलते समय हल्की-सी लापरवाही, जैसे गीला चम्मच इस्तेमाल करना या अचार में पानी की एक-दो बूंदें चले जाना, फफूंद लगने और स्वाद बिगड़ने की बड़ी वजह बन सकता है।
अचार को लंबे समय तक ताजा और सुरक्षित रखने के लिए सबसे पहले साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। जिस बर्तन या कांच के जार में अचार रखा गया हो, वह पूरी तरह सूखा और साफ होना चाहिए। अगर जार में थोड़ी भी नमी रह गई, तो बैक्टीरिया और फफूंद तेजी से पनप सकते हैं।
सूखे चम्मच का करें इस्तेमाल
अचार निकालते समय हमेशा सूखे और साफ चम्मच का ही इस्तेमाल करें। गीला या इस्तेमाल किया हुआ चम्मच सीधे अचार में डालने से उसमें नमी पहुंच जाती है, जिससे अचार जल्दी खराब हो सकता है। इसी तरह अचार निकालने के बाद जार का ढक्कन तुरंत और अच्छी तरह बंद कर देना चाहिए, ताकि बाहर की नमी अंदर न जा सके।
