तिरुवनंतपुरम, 26 जनवरी।केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने राज्य की वामपंथी सरकार की प्रशंसा करते हुए बुधवार को कहा कि केरल सुशासन सूचकांक (जीजीआई) में देश में पांचवें और दक्षिणी राज्यों में पहले स्थान पर है।
श्री खान ने बुधवार को यहां सेंट्रल स्टेडियम में राष्ट्रीय झंडा तिरंगा को फहराने के बाद अपने संबोधन में कहा कि लगभग 80 प्रतिशत आबादी को कवर करने वाले सबसे प्रभावी टीकाकरण अभियान के लिए केरल की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी की तीसरी लहर से बहादुरी से लड़ते हुए, पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली सरकार ने लगातार चौथे वर्ष स्वास्थ्य संकेतकों पर राज्यों की नीति आयोग रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) को 6 प्रति 1000 के एकल अंक में लाने और क्षय रोग की घटनाओं में 7.5 प्रतिशत की वार्षिक गिरावट दर दर्ज करने के लिए भी राज्य की सराहना की गई।
राज्यपाल ने कहा कि पहली कक्षा से आईटी कोडिंग पाठ्यक्रम शुरू करने वाले पहले राज्य के रूप में, हम विभिन्न सरकारी सेवाओं के वितरण के लिए एकल डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत करके और अधिक क्षेत्रों में ई-सेवाओं का विस्तार करके शासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा,“दहेज उत्पीड़न और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतें स्थापित करने का हमारा फैसला दहेज जैसी कुरीतियों को खत्म कर लैंगिक न्याय सुनिश्चित करने के हमारे दृढ़ संकल्प की अभिव्यक्ति है।” उन्होंने कहा,“हमें उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य और स्कूली शिक्षा में साक्षरता में हासिल किए गए मॉडल को दोहराने के लिए अपने संकल्प और प्रतिबद्धता को मजबूत करना होगा।”
उन्होंने कहा,“मुझे यकीन है कि केरल में उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षिक और अनुसंधान संस्थानों का एक मजबूत नेटवर्क बनाकर, हम भारत को विश्व के ज्ञान केंद्र के रूप में बदलने के राष्ट्रीय सपने को साकार करने में मदद कर सकते हैं, जैसा कि राष्ट्रीय शैक्षिक नीति में परिकल्पित है।”
उन्होंने केरल को बौद्धिक गतिविधियों का स्वर्ग और भारत में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के लिए पसंदीदा स्थान बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा,“सबसे बड़े और सबसे जीवंत लोकतंत्र के नागरिकों के रूप में, हमारा कर्तव्य है कि हम मानव जाति की दिव्यता में निहित सद्भाव की अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करें और आगे बढ़ाएं।”
राज्यपाल ने कहा कि कई राष्ट्रीय सपनों को साकार करने में केरल की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विकास में, केरल ने राजमार्ग, जलमार्ग और गैस पाइपलाइन लिंक को चालू करके जबरदस्त प्रगति की है।