छत्तीसगढ़:– खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के लिए छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने राज्य में दलहन एवं तिलहनी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद के लिए मूल्य समर्थन योजना (PSS) लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी भारत सरकार के ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर दी है। केंद्र के इस फैसले से राज्य के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन फसलों की MSP पर होगी खरीद:
केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में तुअर (अरहर) – 21,330 मीट्रिक टन, उड़द – 25,530 मीट्रिक टन, मूंग – 240 मीट्रिक टन, सोयाबीन – 4,210 मीट्रिक टन, मूंगफली – 4,210 मीट्रिक टन मात्रा में MSP पर खरीद की स्वीकृति दी गई है, यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत सीधे MSP पर की जाएगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो सकेगा।
किसानों को मिलेगा सीधा फायदा:
MSP पर खरीद से किसानों को अब अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि होगी और कृषि को आर्थिक संबल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “किसानों के हितों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। MSP पर खरीद की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।” उन्होंने कहा कि इस फैसले से राज्य में दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल:
विशेषज्ञों के अनुसार, MSP पर सुनिश्चित खरीद से किसानों में इन फसलों की बुआई के प्रति भरोसा बढ़ेगा, जिससे आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ दलहन-तिलहन उत्पादन के क्षेत्र में और मजबूत स्थिति में आ सकता है।
