भारत में बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडर का इस्तेमाल खाना बनाने के लिए किया जाता है। वहीं दूसरी तरफ क्या आपको इस बारे में पता है कि गैस सिलेंडर की भी एक्सपायरी डेट होती है? अगर नहीं, तो आज हम आपको इसी के बारे में बताने वाले हैं। आप अपने घर की रसोई में रखे सिलेंडर की एक्सपायरी डेट बड़ी ही आसानी से चेक कर सकते हैं। देश में मौजूद हर एक गैस सिलेंडर पर उसकी एक्सपायरी डेट लिखी होती है। एक्सपायरी डेट के बाद सिलेंडर का उपयोग करना काफी खतरनाक साबित हो सकता है। एक्सपायर हुए सिलेंडर को उपयोग में लाने से एक बड़ी अनहोनी भी हो सकती है। इससे सिलेंडर के फटने की गुंजाइश काफी बढ़ जाती है। ऐसे में हमेशा बिना एक्सपायरी वाला सिलेंडर ही उपयोग में लाना चाहिए। इसी सिलसिले में आइए जानते हैं कि आप कैसे अपने गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट को चेक कर सकते हैं?
गैस सिलेंडर के ऊपर तीन लाईनों में उसकी जानकारी लिखी होती है। इसमें आप सिलेंडर के वजन के बारे में देख सकते हैं। उसी के ठीक बगल में पट्टी के ऊपर गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट के बारे में भी लिखा होता है।
आपने कभी ना कभी इस बात पर जरूर गौर किया होगा कि सिलेंडर की पट्टी पर A-23, B-23, C-24 या D-25 लिखा होता है। यही सिलेंडर की एक्सपायरी डेट होती है। आइए जानते हैं कैसे? नंबर्स के पहले लिखे गए अल्फाबेट जैसे कि ABCD ये महीनों को दर्शाते हैं।
A – जनवरी से मार्च के महीने को दर्शाता है।
B – अप्रैल से जून के महीने को दर्शाता है।
C – जुलाई से सितंबर के महीने को दर्शाता है।
D – अक्तूबर से दिसंबर के महीने को दर्शाता है।
वहीं अल्फाबेट के आगे लिखे नंबर उस साल को दर्शाते हैं, जिसमें कि आपका गैस सिलेंडर एक्सपायर होने वाला है। मान लीजिए आपके गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट D-22 है, तो इससे अभिप्राय ये है कि आपका सिलेंडर साल 2022 में अक्तूबर से दिसंबर महीने के बीच एक्सपायर हो जाएगा। इस तरह से आप बड़ी ही आसानी से अपने गैस सिलेंडर की एक्सपायरी डेट को चेक कर सकते हैं।