नई दिल्ली:--इंडियन प्रीमियर लीग ही नहीं बल्कि क्रिकेट के इतिहास में महेंद्र सिंह धोनी को सबसे बेहतरीन फिनिशर्स में से एक होने की संज्ञा दी जाती है. उन्हें मैच को आखिरी ओवरों तक ले जाकर छक्का लगाकर अपनी टीम को जिताने की जैसे आदत पड़ चुकी है. आईपीएल में धोनी आज तक 242 छक्के लगा चुके हैं और इस लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में केवल क्रिस गेल, रोहित शर्मा और एबी डी विलियर्स ही उनसे आगे हैं. अब छक्कों का एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जो यह साबित करने के लिए काफी है कि धोनी ही इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे बेस्ट फिनिशर हैं.
20वें ओवर में करते हैं छक्कों की बरसात
एमएस धोनी पिछले कई सीजन से 7 या 8 नंबर पर बल्लेबाजी के लिए क्रीज़ पर उतरते रहे हैं, इसलिए आमतौर पर उनकी बल्लेबाजी आखिरी ओवरों में ही आती है. केवल 20वें ओवर की बात करें तो धोनी ने अपने 17 साल के आईपीएल करियर में आखिरी ओवर के भीतर 303 गेंद खेली हैं. आखिरी ओवर की 303 गेंदों में आज तक वो 61 बार छक्का जड़ चुके हैं. अंतिम ओवर का दबाव और विपक्षी गेंदबाज द्वारा की जाने वाली बॉलिंग वेरिएशन के कारण भी आखिरी ओवर में छक्का लगाना बहुत मुश्किल होता है. ऐसे में 20 प्रतिशत से अधिक गेंदों को बाउंड्री रेखा के पार पहुंचाने का रिकॉर्ड अविश्वसनीय है.
