महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बुधवार एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक डंपर की टक्कर से स्कूल बस पलट गई। हादसे में 16 बच्चे घायल हो गए। बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
महोबा नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश राय ने बताया कि यह सड़क हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे पसवारा-रतौली मार्ग पर हुआ।

उन्होंने बताया कि गिट्टी भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने साईं इंटर कॉलेज की बस को ओवरटेक करते वक्त टक्कर मार दी, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई, और इसमें सवार 16 छात्र घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इनमें से तीन बच्चों की हालत नाजुक है, जिन्हें इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सीओ राम प्रवेश राय ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल में डंपर छोड़कर चालक भाग गया है, डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
पसवारा गांव के पास एक स्कूली वैन और डंपर में टक्कर हो गई। घटना में ड्राइवर सहित 15 बच्चे घायल हैं। बच्चों का ज़िला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। ड्राइवर और एक बच्चे को झांसी रेफर किया जा चुका है। दो और बच्चो को झांसी रेफर किया जाएगा।