पश्चिम बंगाल :– विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान पक्षपात और दुर्व्यवहार के आरोपों पर चुनाव आयोग ने बड़ा एक्शन लिया है। आयोग के निर्देश पर 5 पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में एक आईपीएस अधिकारी, एक एसडीपीओ और तीन थाना प्रभारी शामिल हैं।
यह कार्रवाई 23 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान निष्पक्षता न बरतने और गंभीर कदाचार के आरोपों के बाद की गई है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में अतिरिक्त एसपी संदीप गरई, एसडीपीओ सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाना प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाना प्रभारी अजय बाग और उस्ती थाना प्रभारी सुभेच्छा बाग का नाम शामिल है। सभी अधिकारी डायमंड हार्बर क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं।
वहीं डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशानी पाल को चुनाव जैसे संवेदनशील मामलों में अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित न करने पर चेतावनी जारी की गई है। चुनाव आयोग ने कहा कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है और जरूरत पड़ने पर कुछ मामलों की रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भी भेजी जा सकती है। बता दें कि पहले चरण के मतदान के दौरान 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी, जहां कई जगहों से झड़प और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। कुछ बीजेपी उम्मीदवारों पर हमले के आरोप भी लगे थे। आयोग की इस कार्रवाई को चुनाव में निष्पक्षता बनाए रखने की बड़ी पहल माना जा रहा है।
