नई दिल्ली:- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को निशाने पर लिया।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि “प्रधानमंत्री मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री हैं। इतने युवा-विरोधी कि एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते।”
उन्होंने दावा किया कि 152 पेपर लीक की घटनाओं से 7.5 करोड़ छात्र प्रभावित हुए, लेकिन अब तक किसी दोषी को सजा नहीं मिली। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इसकी कीमत मेहनती युवाओं को चुकानी पड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि जब छात्रों ने शिक्षा से जुड़े अपने जायज सवाल उठाए तो उन्हें लाठीचार्ज और हिरासत का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि “पेपर लीक करने वाले अपराधी आज़ाद हैं, जबकि अपनी मांग रखने वाले छात्रों को घसीटा और पीटा जा रहा है।”
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा कि “यह सरकार सिर्फ युवाओं को नाकाम नहीं कर रही, बल्कि उन पर टूट पड़ी है।”
