कोरबा, / बच्चों में कुपोषण की वास्तविक स्थिति का पता लगाने, उनके शारीरिक विकास का आकलन करने तथा समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में वजन त्यौहार के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अभियान अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में छह वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों का वजन एवं ऊँचाई लेकर उनके पोषण स्तर का आकलन किया जाएगा। इसके साथ ही गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं का वजन, ऊँचाई, रक्त अल्पता (एनीमिया) की जांच एवं बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) का मापन भी किया जाएगा।
कलेक्टर दुदावत ने जिले के सभी पालकों से अपील की है कि वजन त्यौहार में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए निर्धारित तिथि को अपने छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र में अवश्य लेकर पहुंचें और उनके पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं से भी अभियान के दौरान उपलब्ध स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। बच्चों के स्वस्थ बचपन और बेहतर भविष्य के लिए उनके पोषण स्तर की समय पर पहचान तथा उचित देखभाल अत्यंत आवश्यक है।
वजन त्यौहार का आयोजन क्लस्टर स्तर पर किया जाएगा। अभियान के सुचारू संचालन के लिए आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा। आयोजन की निगरानी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए ग्राम एवं वार्ड स्तरीय दल का गठन कर समुदाय की उपस्थिति में सभी सर्वेक्षित बच्चों का वजन लिया जाएगा। बच्चों की दिव्यांगता संबंधी जानकारी भी संकलित की जाएगी।
आंगनबाड़ी में पंजीयन से छूटे बच्चों को भी अभियान में किया जाएगा शामिल
वजन त्यौहार दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्व से पंजीकृत बच्चों के अलावा पंजीयन से छूटे हुए बच्चों का भी पंजीकरण कर उनका वजन एवं ऊँचाई ली जाएगी। आयोजन की निर्धारित तिथि को आंगनबाड़ी केंद्र शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से खुले रहेंगे, ताकि सभी पालक अपने बच्चों को केंद्र में लाकर पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त कर सकें। बच्चों के वजन एवं पोषण स्तर से संबंधित जानकारी उसी दिन ऑनलाइन पोषण ट्रैकर सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी। विभागीय अधिकारी अपने डैशबोर्ड के माध्यम से अभियान की प्रगति की निगरानी कर सकेंगे।
घर-घर पहुंचेगा वजन आमंत्रण पत्र, पालकों को मिलेगी बच्चों के पोषण स्तर की रिपोर्ट
वजन त्यौहार केवल बच्चों का वजन लेने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति पालकों को जागरूक करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। अभियान में समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक संबंधित परिवार को वजन आमंत्रण पत्र प्रदान किया जाएगा। बच्चों का वजन लेने के उपरांत पालकों को उनके पोषण स्तर की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पालकों को अपने बच्चों के शारीरिक विकास एवं पोषण की वास्तविक स्थिति समझने तथा आवश्यकतानुसार उनके खान-पान और देखभाल पर विशेष ध्यान देने में सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की होगी सहभागिता
वजन त्यौहार के दौरान गर्भवती महिलाओं, शिशुवती महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग का सहयोग लिया जाएगा। निर्धारित आयोजन स्थलों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं आवश्यक जांच उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं परियोजना स्तर पर कार्यशालाओं के आयोजन के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूर्व प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नामित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है।
अभियान की गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तरीय अधिकारियों, प्रशिक्षण केंद्रों, यूनिसेफ एवं सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता भी ली जाएगी। प्रदेशभर में लगभग एक हजार चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष पर्यवेक्षण के माध्यम से शत-प्रतिशत बच्चों का वजन लेकर उनके पोषण स्तर की प्रामाणिक जानकारी संकलित की जाएगी। जनसहभागिता, विभागीय समन्वय एवं पालकों की सक्रिय भागीदारी से कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ कोरबा के निर्माण की दिशा में वजन त्यौहार एक महत्वपूर्ण पहल होगी।
