रायपुर :– आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव की शुरुआत, ITI प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, ESIC मेडिकल कॉलेजों में श्रमिकों के बच्चों के लिए 700 सीटें आरक्षित। बीजेपी महाजनसंपर्क अभियान और कांग्रेस बैठक भी आज।
रायपुर में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव
राजधानी रायपुर में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का शुभारंभ होने जा रहा है। कृषि मंडपम में आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आमों की किस्में प्रदर्शित की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उद्घाटन समारोह में शामिल रहेंगे। महोत्सव में जापान के प्रसिद्ध मियाजाकी आम समेत कई विदेशी और दुर्लभ प्रजातियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आम प्रेमियों और किसानों के लिए यह आयोजन खास माना जा रहा है।
ITI प्रवेश के लिए आज से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
प्रदेश के ITI संस्थानों में प्रवेश के लिए आज से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। मुख्य मेरिट सूची 16 जून को जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
श्रमिकों के बच्चों को डॉक्टर बनने का अवसर
श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए ESIC मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों हेतु 700 सीटें आरक्षित की गई हैं। प्रवेश NEET UG मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। देशभर के 20 ESIC मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2526 जारी किया गया है।
बीजेपी 5 जून से चलाएगी महाजनसंपर्क अभियान
केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बीजेपी 5 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी महाजनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी जनता के बीच पहुंचेंगे। 10 जून को जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और विकास प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर संकल्प सभाएं होंगी, जबकि 15 से 17 जून तक ग्राम और बूथ स्तर पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बड़े कार्यक्रम होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक आज
रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज कांग्रेस भवन गांधी मैदान में आयोजित होगी। बैठक में AICC सह सचिव एवं रायपुर जिला प्रभारी विजय जांगिड़ शामिल होंगे। बैठक में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। संगठन मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
