छत्तीसगढ़ :- सर्दी ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में भले ही तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही हो, लेकिन सूरज ढलते ही मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह के समय ठंडी हवाओं और कुछ इलाकों में कोहरे की वजह से लोगों को सर्दी महसूस होने लगी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। यहां रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक कमी आने की संभावना है।
रायपुर में दिन में धूप, रात में बढ़ेगी ठंड
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन रात के समय ठंड का अहसास बढ़ेगा। अनुमान है कि 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में सुबह और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को हल्की गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।
सुकमा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
प्रदेश के तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में सुकमा सबसे गर्म इलाका रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के मौसम में काफी अंतर बना हुआ है। फिलहाल कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।
सरगुजा में सुबह कोहरे से हो सकती है परेशानी
उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। कोहरे की वजह से सड़कों पर सामने देखने की दूरी कम हो सकती है। इसका असर खासतौर पर सुबह यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन इलाकों में ज्यादा महसूस होगी सर्दी
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। यहां न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इन इलाकों में मौसम अभी सामान्य बना रह सकता है।
बारिश को लेकर फिलहाल कोई संभावना नहीं
प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के उत्तरी इलाकों में सर्दी ज्यादा परेशान कर सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में दिन और रात के तापमान का अंतर बना रहेगा।
