नई दिल्ली:- भारत और पाकिस्तान के बीच आज यानी शनिवार, 14 नवंबर को अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल महामुकाबला ओमान के अल अमरत क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर खेला जा रहा है। दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी है। टूर्नामेंट के इस ए़डिशन में भारत-पाकिस्तान की यह दूसरी भिड़ंत है। इससे पहले ग्रुप स्टेज में भारत और पाक की टीमों का सामना हुआ था, जहां पाकिस्तान की अंडर 19 टीम से भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
ऐसे में आज लक्ष्य रायचंदानी की अगुवाई में भारतीय अंडर 19 टीम पाकिस्तान की युवा टीम से बदला लेने और खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरी है। भारतीय टीम सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को धूल चटाकर खिताबी मुकाबले में पहुंची है, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लदेश को हराया था।
टीम इंडिया का पलड़ा भारी
दरअसल, दोनों टीमों के बीच अब तक 31 यूथ वनडे मैच खेले गए हैं। भारत ने 17 और पाकिस्तान ने 13 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। हालांकि, टूर्नामेंट के पिछले पांच मुकाबलों के आंकड़ों में पाकिस्तान को 3 और भारत को 2 जीत मिली हैं।
फाइनल में चौथी बार भारत और पाकिस्तान
आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में चौथी बार आमने-सामने है। इससे पहले दोनों टीमें तीन बार खिताबी मुकाबले में भिड़ चुकी हैं। 2012 में फाइनल टाई रहा था, जिसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। 2013-14 में भारत ने पाकिस्तान को 40 रन से हराकर खिताब जीता था, जबकि 2025 में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
