मध्य प्रदेश :– पुलिस में वर्ष 2025 में जिला पुलिस बल के लिए 6800 पदों पर भर्ती में 2070 पदों पर महिलाओं का चयन हुआ है। अब इन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि चयनित सभी अभ्यर्थियों को गुरुवार को जिले आवंटित कर दिए गए हैं। उनके द्वारा प्राथमिकता क्रम में दिए गए विकल्प के अनुसार परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर जिले आवंटित किए हैं।
ज्वॉइनिंग में लग सकते हैं 15 दिन
अधिकतर अभ्यर्थियों ने अपने गृह जिले के आसपास के जिलों का विकल्प दिया था। इसमें पहले उन्हें प्राथमिकता दी गई जिनके नंबर अधिक थे। अधिकारियों का कहना है कि ज्वॉइनिंग शुरू होने में अभी लगभग 15 दिन लग सकते हैं। इसकी वजह यह कि पहले उनका चिकित्सकीय परीक्षण होगा। इसमें उपयुक्त पाए जाने के बाद चरित्र प्रमाण पत्र का सत्यापन होगा, जिसमें यह देखा जाएगा उनके विरुद्ध कोई अपराध पंजीबद्ध तो नहीं है।
एक माह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने जिलों को एक माह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा है। भर्ती में 6800 पदों में से महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण के मान से 2380 पद आरक्षित किए गए। इनमें से हाई कोर्ट के आदेशानुसार 13 प्रतिशत पदों को रोकते हुए बाकी का परीक्षा परिणाम जारी किया गया है।बता दें कि कुल 7500 पदों पर कर्मचारी चयन मंडल से भर्ती की गई है, जिसमें जिला पुलिस बल के 6800 और बाकी एसएएफ के थे। एसएएफ में महिलाओं की भर्ती का प्रविधान नहीं है। 4450 पुरुषों का चयन किया गया है।
