मध्यप्रदेश। एक मामले में आरोपी साधु को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जवानों को भक्त बनना पड़ा. श्रद्धालुओं के भेष में आए पुलिसकर्मियों ने साधु महाराज को माला पहनाई, पैर छुए और फिर धीरे से उनके कान में बोला कि हम आपको गिरफ्तार करने आए हैं. ऐसा सुनते ही आरोपी साधु के पसीने छूट गए. यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थिित राम जानकी मंदिर आश्रम का है. साधु महाराज को गिरफ्तार करने वाली पुलिस मुरैना जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस है.
दरअसल, साधु की गिरफ्तारी का पूरा मामला मुरैना के एक मंदिर की जमीन को लेकर हुई धोखाधड़ी से संबंधित है. सिविल लाइन थाने के टीआई वीरेश कुशवाहा ने बताया कि मुरैना में सिविल लाइन थाना इलाके में तपसी गुफा मंदिर स्थित है. इस मंदिर से 6 बीघा से अधिक की जमीन भी लगी हुई है. मंदिर से लगी हुई इस जमीन पर दुकान भी बनी हुई है. इन्हीं दुकानों के किराए को हड़पने के लिए इसी मंदिर पर रहने वाले साधु रामशरण ने अपने एक अन्य सहयोगी दान बिहारी के साथ मिलकर फर्जी ट्रस्ट बनाने की योजना तैयार की.
