नई दिल्ली
एक और पॉपुलर बॉडीबिल्डर के निधन की दुखद खबर सामने आ रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर जस्टिन विक्की की जिम में दुर्भाग्यपूर्ण एक्सीडेंट की वजह से मौत हो गई है। दरअसल मामला यूं है कि बाली के एक फिटनेस इंफ्लूएंसर की जिम में स्क्वाट करने के दौरान मौत हो गई।
जिम में वर्कआउट के दौरान 210 किलोग्राम का बारबेल जस्टिन विक्की की गर्दन पर गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी गर्दन टूट गई। दिल तथा फेफड़ों से जुड़ी नसें दबने से थोड़ी देर बाद ही जस्टिन की मौत हो गई। यह दुर्घटना तब हुई जब वो इंडोनेशिया के बाली में एक जिम में कसरत कर रहे थे।
बॉडीबिल्डर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर जस्टिन विक्की की इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें जस्टिन विक्की को पैराडाइज बाली जिम में अपने कंधों पर बारबेल के साथ स्क्वाट प्रेस करते हुए देखा जा सकता है। स्क्वाट करने के दौरान उनसे सीधा खड़ा नहीं हुआ गया। उनका संतुलन बिगड़ गया था और वो दोबारा नीचे ही बैठ गए थे।
