छत्तीसगढ़ :– रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित IPL मुकाबलों ने राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) दोनों को बड़ा आर्थिक फायदा पहुंचाया है। BCCI के अधीन आने के बाद इस स्टेडियम में आयोजित हुए पहले IPL मैचों से सरकार के खजाने में सीधे 60 लाख रुपए जमा हुए हैं।जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार और क्रिकेट संघ के बीच हुए अनुबंध के तहत प्रत्येक IPL मैच के आयोजन पर सरकार को 30 लाख रुपए दिए जाने का प्रावधान है। रायपुर में दो मुकाबले आयोजित होने के कारण सरकार को कुल 60 लाख रुपए की आय हुई। वहीं, इस आयोजन से छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को भी लाखों रुपए का लाभ मिला है।
लीज राशि से ज्यादा हुई कमाई
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को इस स्टेडियम के संचालन के लिए राज्य सरकार को हर साल लगभग 1.5 करोड़ रुपए की लीज राशि चुकानी होती है। लेकिन जनवरी 2026 में हुए टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले और अब IPL के सफल आयोजन से संघ लीज राशि से कहीं अधिक कमाई करने में सफल रहा है। क्रिकेट संघ ने अब इस आय को स्टेडियम के आधुनिकीकरण और रेनोवेशन में लगाने की योजना बनाई है। जून में प्रस्तावित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) के बाद स्टेडियम में बड़े स्तर पर रेनोवेशन कार्य शुरू किया जाएगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच
IPL मैचों के आयोजन का फायदा केवल आर्थिक स्तर तक सीमित नहीं रहा। छत्तीसगढ़ के स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को भी इससे बड़ा अनुभव मिला। अभ्यास सत्र के दौरान कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के सामने गेंदबाजी करने का मौका मिला। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस अनुभव का लाभ खिलाड़ियों को आगामी CCPL और अन्य घरेलू टूर्नामेंटों में मिलेगा।
RCB ने स्टेडियम को दिया नया लुक
Royal Challengers Bengaluru ने रायपुर को अपना होम ग्राउंड बनाते हुए स्टेडियम को आकर्षक बनाने के लिए एक करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए। इसमें आधुनिक लाइटिंग, टावर, रंग-रोगन और हाई-क्वालिटी साउंड सिस्टम जैसी व्यवस्थाएं शामिल थीं। मैच खत्म होने के बाद RCB प्रबंधन ने अपनी अस्थाई लाइट और साउंड सिस्टम को हटाना शुरू कर दिया है। वहीं, प्लेटिनम स्टैंड से हटाए गए 36 कांच के पैनल अब दोबारा लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेडियम में बदली गई कुर्सियां और कराए गए पेंटिंग कार्य का स्थायी लाभ अब छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को मिलेगा।
