छत्तीसगढ़:- महतारी वंदन योजना में अपात्र हितग्राहियों के खातों में पहुंची सरकारी राशि की वसूली को लेकर बालोद जिले में प्रशासनिक कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी है। जिले में 5,745 अपात्र हितग्राहियों से 86 लाख 21 हजार 900 रुपये की वसूली की जानी है, लेकिन अब तक महज 496 हितग्राहियों से 13 लाख 2 हजार 150 रुपये ही वापस लिए जा सके हैं। यानी कुल वसूली योग्य राशि का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा ही शासन के खाते में लौटा है। शेष 73 लाख 19 हजार 750 रुपये अब भी बकाया हैं।
वसूली अभियान सुस्त
महिला एवं बाल विकास विभाग की 26 नवंबर की रिपोर्ट ने वसूली अभियान की सुस्त रफ्तार उजागर कर दी है। आंकड़ों के मुताबिक जिले में 5,249 हितग्राहियों से अब भी वसूली बाकी है। अपात्रता सामने आने के बावजूद बड़ी संख्या में हितग्राहियों से सरकारी राशि वापस नहीं ली जा सकी है। ऐसे में विभागीय निगरानी और मैदानी स्तर पर वसूली की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बैंक खाते सीज करने से होगी कार्रवाई
विभाग ने अब स्पष्ट किया है कि नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं करने वालों के बैंक खाते सीज करने से लेकर आरआरसी जारी करने और संपत्ति कुर्क करने तक की कार्रवाई की जाएगी। वसूली की कार्रवाई के तहत बालोद परियोजना अधिकारी ने ग्राम भेड़िया नवागांव की राजेश्वरी को 21 अक्टूबर को नोटिस जारी किया है। इसमें शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया गया है कि शासकीय सेवक के परिवार की महिला सदस्य महतारी वंदन योजना के लिए अपात्र है।
इसके अलावा मृत हितग्राही के खाते में राशि आवंटित होने और होल्ड श्रेणी में आने जैसे मामलों का भी उल्लेख किया गया है। संबंधित महिला से 14 हजार रुपये वापस जमा करने को कहा गया है। इसी तरह ललिता, कमला, फवती, डिगेश्वरी, ललेश्वरी और निराशा सहित अन्य महिलाओं को भी वसूली के नोटिस जारी किए गए हैं।
डौंडीलोहारा वसूली में आगे, दल्लीराजहरा में भी कार्रवाई
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार महतारी वंदन योजना के तहत शासकीय सेवक के परिवार की महिला सदस्य अपात्र होने के बावजूद योजना की राशि प्राप्त कर रही थी। ऐसे 20 से अधिक मामलों में भी राशि की वसूली के निर्देश दिए गए हैं। वही विकासखंडवार आंकड़ों में डौंडीलोहारा परियोजना वसूली के मामले में सबसे आगे है।
यहां 100 हितग्राहियों से 2 लाख 60 हजार 500 रुपये वापस लिए गए हैं। गुंडरदेही में 99 हितग्राहियों से 2 लाख 12 हजार 700 रुपये, दल्लीराजहरा में 54 से 1 लाख 75 हजार 550 रुपये, डौंडी-01 में 32 से 1 लाख 46 हजार 50 रुपये और डौंडी-02 में 29 हितग्राहियों से 1 लाख 29 हजार रुपये की वसूली हुई है। वहीं बालोद में 62 हितग्राहियों से 1 लाख 27 हजार 350 रुपये, गुरुर में 51 से 1 लाख 26 हजार रुपये तथा देवरी परियोजना में 69 हितग्राहियों से 1 लाख 25 हजार रुपये वापस लिए गए हैं।
नोटिस के बाद भी राशि नहीं लौटाई तो कुर्क होगी संपत्ति
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने बताया कि यह वर्ष 2025 का मामला है। पोर्टल के माध्यम से जैसे-जैसे अपात्र हितग्राहियों और उनसे की जाने वाली वसूली की जानकारी संज्ञान में आती गई, संबंधितों के प्रकरण तैयार कर नोटिस जारी किए गए। जिनसे राशि जमा हो चुकी है, उनकी वसूली पूरी कर ली गई है।
शेष हितग्राहियों को भी नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी राशि जमा नहीं करने पर बैंक खाते सीज करने, आरआरसी के माध्यम से वसूली और जरूरत पड़ने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार के माध्यम से भी वसूली की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित हितग्राही अपात्रता की श्रेणी में आते हैं। आवेदन भरते समय सही जानकारी छिपाने के लिए हितग्राही स्वयं जिम्मेदार हैं।
सवालों के घेरे में वसूली की निगरानी
योजना के तहत अपात्र हितग्राहियों की पहचान होने के बाद उनसे राशि वापस लेने की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अमले और मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की है। इसके बावजूद जिले में अब तक केवल 496 हितग्राहियों से ही वसूली हो पाना प्रशासनिक निगरानी और वसूली अभियान की गति पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि विभाग शेष 5,249 हितग्राहियों से बकाया राशि की वसूली के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
