मध्यप्रदेश:- एक बार फिर से लोगों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है. 1 सितंबर से देशभर में 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. तेल कंपनियों ने अलग-अलग शहरों में करीब 9.50 से 11.50 रुपए तक दाम बढ़ाए हैं. इसका असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार पर पड़ेगा. दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर अब 2747.50 रुपए, कोलकाता में 2884 रुपए, मुंबई में 2701 रुपए और चेन्नई में 2916.50 रुपए हो गया है. यानी सितंबर की शुरुआत कारोबारियों के लिए गैस के बढ़े खर्च के साथ हुई है और इसका असर खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ सकता है.
मध्य प्रदेश की बात करें तो इंदौर और भोपाल में भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं. इंदौर में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर अब करीब 2858 रुपए का पड़ेगा, जबकि भोपाल में इसकी कीमत करीब 2754.50 रुपए पहुंच गई है. पिछले महीने इंदौर में यह 2846.50 रुपए और भोपाल में 2743 रुपए था. यानी दोनों शहरों में कारोबारियों को अब सिलेंडर के लिए करीब 11.50 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे. इसका असर खासतौर पर चाय-नाश्ते की दुकानों, रेस्टोरेंट, होटल और शहर में होने वाली पार्टियों की कैटरिंग के खर्च पर देखने को मिल सकता है.
14.2KG के नहीं बढ़े दाम
हालांकि, आम घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 1 सितंबर को कोई बदलाव नहीं हुआ है. यानी घरेलू उपभोक्ताओं को इस महीने भी वही दाम चुकाने होंगे, जो अगस्त में लागू थे. इंदौर में घरेलू गैस सिलेंडर 970 रुपए में मिल रहा है, जबकि भोपाल में इसकी कीमत 947.50 रुपए है. इसलिए कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर घरेलू गैस सिलेंडर के बिल पर नहीं पड़ेगा. घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर रखी गई है.
लोगों के लिए बड़ी राहत
इंदौर-भोपाल के लोगों के लिए फिलहाल राहत की बात यही है कि घरेलू गैस के दाम नहीं बढ़े हैं. हालांकि, कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से बाहर चाय-नाश्ता, होटल में खाना या कैटरिंग जैसी सेवाओं का खर्च थोड़ा बढ़ सकता है. दुकानदार और रेस्टोरेंट संचालक बढ़ी हुई गैस लागत को अपनी कीमतों में शामिल कर सकते हैं. वहीं, जिन लोगों को LPG कनेक्शन की e-KYC पूरी करनी थी, उनके लिए 31 अगस्त की समयसीमा अहम थी.।
