छत्तीसगढ़:- गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है. प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है. कई जिले ऐसे हैं, जहां पर भयंकर लू चल रही है. जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. वहीं मौसम विभाग की तरफ से कई शहरों में अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
अप्रैल महीने के बीच में छत्तीसगढ़ में तपिश बढ़ने के चलते प्रदेशवासी घर से निकलने से कतरा रहे हैं. वहीं बात करें तापमान की तो प्रदेश के अंदर 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा बना हुआ है. जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी रायपुर में आने वाले समय में 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार बने हुए हैं. बात करें, पिछले 24 घंटे की तो यहां पर 1 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिला है. जिससे शुक्रवार को गर्मी का असर और भी बढ़ गया.
दोपहर में हालात ऐसे हैं कि लोग जलन महसूस कर रहे हैं. इससे लोगों को हीटवेव की वापसी का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग की मानें तो छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, बस्तर संभाग में दक्षिण दिशा से आने वाली हवाओं के चलते कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं का असर अगले दो दिनों तक देखने को मिल सकता है.
इतना ही नहीं मौसम विभाग की तरफ से हल्की बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. बताया है कि आगामी दो दिनों में कई हिस्सो में हल्की बूंदाबांदी हो सकता है. इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
वहीं मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि इन दिनों घर से बाहर निकलने से बचें. वहीं पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें. इसके अलावा, धूप में निकलते समय अपने शरीर को ढककर निकलें. ताकि हीटवेव के प्रभाव से बचा जा सके.
