छत्तीसगढ़ :– गर्मी अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बिलासपुर सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है।
साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 20 मई को बिलासपुर में सबसे ज्यादा 45°C तापमान दर्ज हुआ। वहीं मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी पारा 43.5°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। दूसरी ओर अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना बेहद कम है और अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्म हवाओं और तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। रायपुर में 21 मई को आसमान साफ रहने और तापमान 44°C तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है।
