तमिलनाडु में आज कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक दिन है। करीब 6 दशकों बाद कांग्रेस तमिलनाडु सरकार में कदम रखने जा रही है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को समर्थन देकर सरकार बनाने में अपना समर्थन दिया है, जिसका फल पार्टी को आज मिलने वाला है। तमिलनाडु राज्य के मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आज, 21 मई को लोक भवन में आयोजित किया जा रहा है।
पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जानकारी दी है। इससे साफ हो गया है कि आज तमिलनाडु कैबिनेट विस्तार में मुख्यमंत्री विजय थलापति के मंत्रिमंडल में कांग्रेस के दो विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस पार्टी से विधायक राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बनेंगे। इन विधायकों के साथ ही कांग्रेस तमिलनाडु के मंत्रिमंडल में 59 साल बाद शामिल हो रही है।
केसी वेणुगोपाल ने की पुष्टी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस विधायक एडवोकेट राजेश कुमार और थिरु पी. विश्वनाथन को तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। वे गुरुवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक मौका है, क्योंकि कांग्रेस 59 साल के लंबे अंतराल के बाद तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल हो रही है।
लोगों की उम्मीदों को पूरा करेंगे- वेणुगोपाल
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि वह मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे कांग्रेस विधयाकों को अपनी शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि वे तमिलनाडु के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। नेता प्रतिपक्ष (LOP) की तरफ से तय किए गए कल्याण और लोगों के पक्ष में शासन के साहसिक विजन को साकार करने के लिए काम करेंगे।
