मध्यप्रदेश:- पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में लगातार हो रही तेज बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं. सबसे ज्यादा असर सतना और चित्रकूट में देखने को मिला, जहां नदियां उफान पर हैं और कई निचले इलाके पानी में घिर गए. चित्रकूट की मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. रामघाट का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया, जिससे स्थानीय कारोबार और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई.
लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सतना प्रशासन ने 2 और 3 सितंबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला लिया है. मौसम विभाग ने सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी और सिवनी में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है. जबलपुर, रीवा, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बना वजह
मौसम केंद्र भोपाल के वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया और सक्रिय मानसून ट्रफ मिलकर प्रदेश में तेज बारिश करा रहे हैं. यही सिस्टम अगले तीन दिन तक और मजबूत रहेगा. 2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा असर रहेगा. 3 सितंबर से बारिश का दायरा भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम और सागर संभाग तक फैल जाएगा. 4 और 5 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है
भोपाल का बड़ा तालाब भी लगभग फुल
लगातार बारिश से प्रदेश के ज्यादातर डैमों में पानी तेजी से बढ़ा है. कई जलाशय 70 प्रतिशत से ज्यादा भर चुके हैं और कुछ के गेट भी खोल दिए गए हैं. भोपाल का बड़ा तालाब अपने फुल लेवल के बेहद करीब पहुंच गया है. पानी का स्तर बढ़ने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जा सकते हैं, जिससे कलियासोत डैम में भी पानी की आवक बढ़ेगी. हालांकि इंदौर और उज्जैन संभाग के कुछ डैमों में अब भी पानी सामान्य से कम है.
फिर भी कई जिलों में औसत से ज्यादा पानी
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 707 मिमी यानी 27.8 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है. यह सामान्य औसत से करीब 11 प्रतिशत कम है. पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी सिर्फ 5 प्रतिशत है, जबकि पश्चिमी हिस्से में 16 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इसके बावजूद अनूपपुर, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, भोपाल, ग्वालियर, राजगढ़ और शिवपुरी समेत 15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है.
