छत्तीसगढ़:- दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले बढ़कर 13 हो गए हैं. इनमें से 4 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है. फिलहाल 7 संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं. इन सभी का इलाज जारी है. बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में निगरानी बढ़ा दी है.
महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे ने बताया कि H1N1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है. जिले के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि जैसे ही कोई H1N1 पॉजिटिव मरीज सामने आए, इसकी जानकारी तुरंत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दी जाए. अस्पतालों को मरीज के इलाज के साथ संक्रमण को दूसरे लोगों तक फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं.
इनको ज्यादा सावधानी की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग ने खास तौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सावधान रहने की सलाह दी है. स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इन लोगों में H1N1 संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है. ऐसे लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने और साफ-सफाई का ध्यान रखने को भी कहा गया है.
बुखार – खांसी को हल्के में न लें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कहा है कि अगर बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें. ऐसी स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क कर जांच करानी चाहिए. समय पर जांच और इलाज से स्थिति पर नजर रखना आसान होगा. इसके अलावा हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई है. खासकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने को कहा गया है.
दुर्ग में मरीजों की क्या स्थिति है ?
दुर्ग जिले में सामने आए 13 पॉजिटिव मामलों में 4 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं. 2 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है. वहीं 7 संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है. स्वास्थ्य विभाग इन मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का फोकस संक्रमण को और फैलने से रोकने पर है. अस्पतालों को पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तुरंत देने और जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. दुर्ग में H1N1 के मामले 13 तक पहुंचने के बाद लोगों के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि लक्षण दिखने पर उसे सामान्य फ्लू समझकर नजरअंदाज न करें. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने मास्क लगाने और परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है.
