छत्तीसगढ़:– चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की IPL 2026 में भयानक शुरुआत रही है. महेंद्र सिंह धोनी के बगैर खेल रही इस टीम को शुरुआत के लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का मिनी ऑक्शन में लिया गया एक फैसला उस पर IPL 2026 टूर्नामेंट के दौरान भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मिनी ऑक्शन में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर दोनों को 14.20-14.20 करोड़ देकर खरीदा. कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर दोनों अनकैप्ड खिलाड़ी हैं.
पानी में चले गए 28 करोड़ रुपये
घरेलू क्रिकेट में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर का प्रदर्शन अच्छा रहा है, लेकिन ऐसा भी नहीं कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी बड़े-बड़े खिलाड़ियों को छोड़ते हुए इन पर इतनी बड़ी राशि खर्च करे. घरेलू टी20 करियर पर गौर करें तो प्रशांत वीर ने 9 टी20 मैचों में 12 विकेट लेने के साथ ही 118 रन बनाए हैं. वहीं, कार्तिक शर्मा ने 12 टी20 मैचों में 2 अर्धशतक लगाते हुए 334 रन बनाए हैं. छोटे करियर और साधारण रिकॉर्ड के बावजूद सीएसके द्वारा इन खिलाड़ियों पर खर्च की गई राशि ने सभी को हैरान किया था.
कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर फ्लॉप रहे
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम मैनेजमेंट और आम क्रिकेट फैंस को आईपीएल 2026 में कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर के पराक्रम को देखने का इंतजार था. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के साथ था. इस मैच में कार्तिक शर्मा को डेब्यू का मौका मिला. कार्तिक शर्मा 15 गेंदों पर 18 रन बना सके. प्रशांत वीर को इस मैच में मौका नहीं मिला था.
CSK ने मारी अपने पैरों पर कुल्हाड़ी
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपना दूसरा मैच 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला. इस मैच में कार्तिक शर्मा के साथ प्रशांत वीर को भी मौका मिला. कार्तिक शर्मा 3 गेंदों पर 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रशांत वीर 7 गेंदों पर 6 रन बना सके. कार्तिक शर्मा विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. प्रशांत वीर गेंदबाज हैं. प्रशांत वीर से गेंदबाजी नहीं कराई गई. कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर के लिए आईपीएल में यह शुरुआती समय है, इसलिए उनके बारे में कोई धारणा नहीं गढ़ी जा सकती, लेकिन जैसा प्रदर्शन उन्होंने मिले मौकों पर किया है, उसे देखते हुए उन्हें दी गई राशि ज्यादा लग रही है.
आयुष म्हात्रे और सरफराज खान ने दिखाया दम
दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दो अन्य खिलाड़ियों ने साबित किया है. टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को सीएसके ने आईपीएल 2025 में अपने साथ मात्र 30 लाख में जोड़ा था. आयुष म्हात्रे ने पिछले सीजन कुछ अच्छी पारियां खेली थीं और पंजाब के खिलाफ शुक्रवार को हुए मैच में 43 गेंदों पर 73 रन बनाकर अपने टैलेंट और क्षमता दोनों साबित कर दी. वहीं, 75 लाख रुपये में IPL 2026 में सीएसके से जुड़े सरफराज खान ने पंजाब के खिलाफ मात्र 12 गेंदों पर 32 रन बनाए. आयुष म्हात्रे और सरफराज खान पर खर्च राशि और उनके प्रदर्शन को देखने से ऐसा लगता है कि क्या सीएसके से कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को लेकर चूक हो गई. क्या टीम ने इन दोनों युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा पैसे खर्च कर दिए?
