टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की टी-20 फॉर्मेट में वापसी हुई है. टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद ये पहला मौका था, जब विराट कोहली टी-20 मैच खेल रहे थे. उन्होंने अपने मैच में बड़ा बदलाव किया और अपनी बल्लेबाज़ी को पूरी तरह बदल दिया. विराट की इस अप्रोच की बात हो रही है, लेकिन सवाल भी खड़े हो रहे हैं.विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में सिर्फ 16 बॉल में 29 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 180 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए.
इस सीरीज़ से पहले सवाल खड़े हो रहे थे कि विराट कोहली का स्ट्राइक रेट काफी खराब है, वो टी-20 की नई अप्रोच के लिए फिट नहीं बैठते हैं. और इस बीच कोहली ने वापसी के साथ ही नया रूप दिखा दिया.‘बहुत बदलाव ना करें कोहली’
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि विराट कोहली को काफी कुछ बदलने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि विराट कोहली पहले ही टी-20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं, उन्होंने 4 हज़ार से अधिक रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 140 का रहा है. ऐसे में जिस तरह का उनका रोल है, इसमें उनका स्ट्राइक रेट काफी बेहतर है.आकाश चोपड़ा का कहना है कि अगर विराट कोहली इसमें बदलाव करते हैं, तो उन्हें लगातार रन बनाने में मुश्किल होगी जिस तरह से वो अब बना पा रहे हैं.
बता दें कि अब साफ हो चला है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे.भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैच की सीरीज़ खेल रही है, जिसमें अभी वो 2-0 से आगे है.
