नई दिल्ली:– वर्ष 2019 से ही दुनिया के हालात बदल गए हैं। जब 2020 में शनि ने मकर में गोचर किया तो पूरी दुनिया में लॉकडाउन लग गया। दुनिया इससे उभर ही नहीं पाई थी कि शनि के कुंभ में जाने के पहले ही उसके मार्गी और वक्री गोचर ने रशिया और यूक्रेन के बीच जंग छेड़ दी। इसके बाद कुंभ में गोचर से इजरायल पर आतंकवादी हमला हुआ और जंग का एक नया मोर्चा खुल गया। फिर 29 मार्च 2025 को शनि के कुंभ से मीन में गोचर करते ही पहलगाम में आतंकवादी हमले ने भारत-पाकिस्तान के बीच छुटपुट संघर्ष को जन्म दिया। इसी बीच 14 मई को बृहस्पति के मिथुन में अतिचारी गोचर, 18 मई को राहु के कुंभ में और केतु के सिंह में गोचर ने इजरायल और ईरान के बीच भयानक युद्ध शुरू कर दिया है। धीरे-धीरे दुनिया एक भयानक दौर में दाखिल हो रही है। ग्रह गोचर के अनुसार आने वाले 3 वर्ष मानव जाती के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। इसलिए इन उपायों से खुद को बचाकर रखें।
श्री हनुमान शरण
यह कलयुग चल रहा है। इस युग में श्री राम और हनुमान जी की शरण में रहने से ही जीवन को बचाया जा सकता है। प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें। हनुमान जी बल और बुद्धि देने वाले हैं। इसी के बल पर आप अपनी रक्षा कर पाएंगे। कहते हैं कि विनाश काले विपरीत बुद्धि। ऐसे में आप विपरीत बुद्धि से बच जाएंगे।
“मनोजवं मारुततुल्यवेगं, जितेन्द्रियं बुद्धिमतां वरिष्ठम्। वातात्मजं वानरयूथमुख्यं, श्रीरामदूतं शरणं प्रपद्ये।”
अर्थात: जिसकी गति मन के समान और वेग वायु के समान है, जो परम जितेन्द्रिय हैं और बुद्धिमानों में श्रेष्ठ हैं, पवनपुत्र और वानर सेना के प्रमुख, मैं उन श्रीरामदूत हनुमान की शरण में जाता हूं।
पीला तिलक
छाप या तिलक यह हिंदू की पहचान ही नहीं बल्कि यह घटना दुर्घटना और अकाल मौत से बचने का उपाय भी है। इसमें भी सबसे जरूरी है पीला तिलक लगाना। वह चंदन का हो या हल्दी का हो। यह गुरु को मजबूत करने का उपाय है क्योंकि गुरु ही हमारी आयु निर्धारित करता है। इसलिए नित्य चंदन का तिलक लगाना चाहिए।
सुरक्षित और वास्तु अनुसार घर
फ्लैट की अपेक्षा भूमि का मकान होना चाहिए। आपका पूर्व, पश्चिम, उत्तर या वायव्य दिशा का घर सुख देने वाला माना गया है। आग्नेय, दक्षिण और नैऋत्य मुखी मकान में नहीं रहना चाहिए। दूसरा यह कि आपका घर किसी सुरक्षित क्षेत्र में हो तो बेहतर। यदि आप बहुमंजिला फ्लैट में रहते हैं तो आपको अपनी सुरक्षा का इंतजाम भी करना होगा, खासकर उस क्षेत्र में रहने वाले लोग जहां युद्ध या भूकंप का खतरा हो। पहली खास बात दुनिया के वे सभी इलाके युद्ध और भूकंप से सुरक्षित रहते हैं जो कि ठेठ ग्रामीण या जंगली क्षेत्र हैं।
जरूरी सामान
किसी भी परिस्थिति में यह जरूरी सामान आपके सर्वाइवल करने में बहुत काम आएगा। जैसे लालटेन, सिगड़ी, मल्टीपल पेचकस, चकमक पत्थर, फोल्डिंग डंडा, घट्टी, टॉर्च, हाथ पंखा, सिलबट्टा और खल बत्ता, डायरेक्शन बताने वाला कंपास, सूखी खाद्य सामग्री, बैटरी या सेल वाला रेडियो, केटली और सुराही, मिक्सर, इंडक्शन, किचन का जरूरी सामान आदि। इसी के साथ ही यदि हो सके तो घर की छत पर छोटा ही सही लेकिन सोलर सिस्टम लगाकर रखें।
महामारी से बचाव
कोरोना वायरस की भयानक महामारी का दौर भले ही खत्म हो गया है परंतु उसके जैसी अन्य कई महामारियां हैं और आने वाले समय में और भी महामारियां आ सकती है। ऐसे में खानपान पर ध्यान रखते हुए खुद के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाकर रखना होगा। विटामिन डी, के और सी की कमी नहीं होने देना है। लोगों से उचित दूरी बनाकर रखना और बार बार हाथ धोने की आदत फिर से बनाकर रखना चाहिए।
