नई दिल्ली:– पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज चौथा दिन है। ये दिन दोनों ही टीमों के लिए काफी अहम है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रनों का लक्ष्य रखा है। तीसरे दिन टीम इंडिया ने जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए थे। उसने 12 रनों पर ही मेजबान टीम के तीन विकेट झटके थे। चौथे दिन टीम इंडिया बाकी के सात विकेट लेकर मैच को आज ही खत्म करने की कोशिश करेगी।
टीम इंडिया दूसरी पारी में 46 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी। भारत ने रविवार को अपनी दूसरी पारी छह विकेट के नुकसान पर 487 रनों पर पारी घोषित कर मेजबान टीम के सामने विशाल लक्ष्य रखा है।
भारत ने पहली पारी में 150 रन ही बनाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 104 रनों पर ही ढेर कर दिया था। दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। यशस्वी जायसवाल ने 161, विराट कोहली ने नाबाद 100 और केएल राहुल ने 77 रन बनाए।
