छत्तीसगढ़:- राज्य सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. सरकार ने बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक MoU को मंजूरी दी है, जिसके तहत बैंक में वेतन खाता रखने वाले NHM कर्मचारियों को ₹6 लाख का निःशुल्क बीमा कवर प्रदान किया जाएगा.
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला
दरअसल, सरकार ने बैंक ऑफ इंडिया के साथ एक MOU पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी है, जिसके तहत उन NHM अधिकारियों और कर्मचारियों को ₹6 लाख का मुफ़्त जीवन बीमा कवर दिया जाएगा, जिनके वेतन खाते बैंक ऑफ़ इंडिया में हैं. स्वास्थ्य विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था से राज्य सरकार या राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पर किसी भी तरह का कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा.
योजना का उद्देश्य
इस योजना का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है. यदि किसी कर्मचारी की सामान्य परिस्थितियों में मृत्यु हो जाती है, तो उनके द्वारा नामित परिवार के सदस्य को ₹6 लाख की बीमा राशि प्राप्त होगी. इससे कर्मचारियों के परिवारों को मुश्किल समय में आर्थिक संबल मिलेगा.
मिलेगा 6 लाख रुपये का मुफ्त बीमा कवर
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसके फायदे उठाने के लिए कर्मचारियों को अपनी जेब से कोई प्रीमियम नहीं देना पड़ता. यह पूरी तरह से मुफ़्त है. NHM के वे सभी कर्मचारी जिनका सैलरी अकाउंट Bank of India में है, वे इस मुफ्त इंश्योरेंस कवरेज के लिए पात्र होंगे. इसके अलावा इंश्योरेंस के नियम और शर्तें इतनी व्यावहारिक हैं कि ₹6 लाख की पूरी बीमित राशि कर्मचारी के परिवार या नॉमिनी को न केवल किसी दुर्घटना की स्थिति में, बल्कि प्राकृतिक मृत्यु होने पर भी दी जाएगी.
