छत्तीसगढ़:- राज्य के निवासियों को पिछले कुछ समय से जारी भीषण गर्मी और तपते तापमान से अब काफी राहत मिलने लगी है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और धूल भरी आंधियां चलती रहेंगी. इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसे देखते हुए विभाग ने एक सख्त चेतावनी जारी की है, जिसमें लोगों से तूफान के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
दुर्ग जिला राज्य का सबसे गर्म स्थान
हालांकि मौसम में आए इस बदलाव ने कुछ इलाकों में आफत भी ला दी है. शनिवार को कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में अचानक आए तेज तूफान और बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे पनाह लिए तीन युवकों पर पेड़ की एक भारी डाल गिर गई. तीनों की मौके पर ही दुखद मौत हो गई. इसके अलावा रायपुर, सरगुजा और पेंड्रा रोड में भी भारी बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों में दुर्ग जिला राज्य का सबसे गर्म स्थान बना रहा, जहां तापमान 42.6°C दर्ज किया गया.
क्यों बदल रहा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तक और बंगाल की खाड़ी से लक्षद्वीप क्षेत्र तक फैले एक सक्रिय ट्रफ़ सिस्टम के कारण राज्य में नमी का स्तर बढ़ रहा है. यही सिस्टम तूफान, बारिश और गरज-चमक वाली गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है, जिसके चलते मौसम की स्थितियों में बार-बार बदलाव हो रहे हैं.
रविवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग आज राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही बिजली गिरने और बारिश होने की भी संभावना है. लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. वहीं राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने की उम्मीद है. दिन के समय धूल भरी आंधी या बारिश होने की संभावना है. शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
