नई दिल्ली:– मॉडर्न लाइफ स्टाइल में डिजिटल रहना हर किसी के लिए आम बात हो गई है। ज्यादातर लोग घंटों मोबाइल स्क्रीन पर बिताना पसंद करते हैं, इससे किताबें पढ़ने की आदत तेजी से कम होती जा रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोजाना सिर्फ 30 मिनट किताबें पढ़ना आपके दिमाग को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है?
पढ़ने की आदत न सिर्फ याददाश्त और एकाग्रता बढ़ाती है, बल्कि उम्र बढ़ने के साथ होने वाली मानसिक समस्याओं के खतरों को भी कम करती है।
पढ़ना दिमाग पर कैसे डालता है असर
किताब पढ़ना केवल जानकारी हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह दिमाग की कई क्षमताओं को एक साथ सक्रिय करता है। पढ़ते समय भाषा समझने, कल्पना में खोने, याद रखने और विश्लेषण करना जैसे काम में मस्तिष्क के कई हिस्से एक साथ काम करते हैं। लगातार पढ़ने से मस्तिष्क में ‘कॉग्निटिव रिजर्व’ विकसित होता है, जो उम्र बढ़ने के साथ याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता को बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होते हैं।
डेली रूटीन में पढ़ने के 7 बड़े फायदे
याददाश्त और एकाग्रता बेहतर होती है।
तनाव और चिंता कम करने में मदद मिलती है।
दिमाग लंबे समय तक सक्रिय और स्वस्थ रहता है।
नई चीजें सीखने और समझने की क्षमता बढ़ती है।
शब्दावली और भाषा कौशल में सुधार होता है।
दूसरों की भावनाओं को समझने की क्षमता बढ़ती है।
रात में किताब पढ़ने से बेहतर नींद आने में भी मदद मिल सकती है।
World Brain Day पर अपनाएं यह आसान आदत
विश्व ब्रेन दिवस का उद्देश्य लोगों को मस्तिष्क की देखभाल के प्रति जागरूक करना है। न्यूरोलॉजिस्ट मानते हैं कि नियमित पढ़ाई, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि और मानसिक रूप से सक्रिय रहने जैसी आदतें लंबे समय तक दिमाग को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं।
दिमाग को तेज और स्वस्थ रखने के 5 आसान तरीके
रोजाना करें एक्सरसाइज
हल्की-फुल्की शारीरिक गतिविधियां जैसे वॉक, योग, साइक्लिंग और तैराकी दिमाग में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाती हैं। इससे ऑक्सीजन और ग्लूकोज की आपूर्ति बेहतर होती है, जो याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करती है।
मेडिटेशन को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
नियमित ध्यान तनाव, चिंता और मानसिक थकान को कम करने में मदद करता है। यह एकाग्रता, वर्किंग मेमोरी और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को भी बेहतर बनाता है।
कैफीन का सीमित सेवन
कैफीन सीमित मात्रा में लेने से फोकस और सतर्कता बढ़ सकती है। वहीं, ग्रीन टी में मौजूद तत्व संज्ञानात्मक कार्यों को बेहतर बनाने में सहायक माने जाते हैं।
हर दिन पढ़ने की आदत डालें
किताबें पढ़ने से दिमाग के कई हिस्से एक साथ सक्रिय होते हैं। नियमित पढ़ने से मस्तिष्क की न्यूरल कनेक्टिविटी मजबूत होती है, याददाश्त बेहतर होती है और सीखने की क्षमता बढ़ती है।
परिवार और दोस्तों से जुड़े रहें
सामाजिक मेलजोल दिमाग के लिए भी फायदेमंद है। दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने, बातचीत करने और समूह गतिविधियों में हिस्सा लेने से तनाव कम होता है, मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है और संज्ञानात्मक क्षमता को बनाए रखने में मदद मिलती है।
