छत्तीसगढ़ :- अब मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिल रहा है। राजधानी में बारिश के बाद दोपहर की गर्मी लौट आई है, जबकि उत्तरी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं बादल बरस रहे हैं। मानसून की वापसी के बीच प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने के आसार हैं। शुक्रवार को रायपुर का आसमान साफ रह सकता है, हालांकि राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
राजधानी में दोपहर रहेगी गर्म
रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पिछले 24 घंटों में राजधानी का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश का असर कम होने से दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है।
कुसमी में बरसे बादल, कई जगह हुई हल्की बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हुई। कुसमी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। चांदो में 3 सेंटीमीटर पानी गिरा।
लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, केशकाल और मैनपाट में वर्षा का आंकड़ा 1-1 सेंटीमीटर रहा।
कहां कितना रहा तापमान?
गुरुवार को राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। जगदलपुर में 33.6 डिग्री और माना एयरपोर्ट में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में पारा 32.6 डिग्री, दुर्ग में 32.2 डिग्री और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानसून लौट रहा, लेकिन बारिश की संभावना बाकी
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस लौट गया। महाराष्ट्र के बाकी क्षेत्रों और गोवा से भी इसकी विदाई हो गई है। कर्नाटक, तेलंगाना तथा ओडिशा के कुछ हिस्से भी मानसून की वापसी वाले क्षेत्र में शामिल हैं।
इस बीच उत्तर-पूर्व बिहार से तेलंगाना तक झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। प्रदेश में फिलहाल कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
