नई दिल्ली:– भारत ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में 29 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 66 रन की शानदार जीत दिलाई। उनकी इस धमाकेदार पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच के बाद वैभव ने अपनी सफलता का राज बताते हुए कहा कि उन पर किसी तरह का दबाव नहीं था और उन्होंने केवल अपने प्लान पर भरोसा किया।
वैभव ने कहा, “पहले 10 ओवर में जो प्लान बनाया था, उसी पर टिके रहने की कोशिश की। पिछले कुछ मैचों में मैं अपने प्लान को मैदान पर सही तरीके से लागू नहीं कर पा रहा था, लेकिन कोच से बातचीत और लगातार अभ्यास के बाद आज उसे बेहतर तरीके से एग्जीक्यूट कर पाया।”
बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 15 वर्षीय इस खब्बू बल्लेबाज ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने श्रीलंका के कौशल्य वीररत्ने का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2005 में 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
फाइनल मुकाबले में भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ए की टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से यश ठाकुर और विपराज निगम ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अनुकूल रॉय ने दो विकेट झटके।
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी न सिर्फ भारत ए की जीत की नींव बनी, बल्कि युवा बल्लेबाज ने साबित कर दिया कि भविष्य में वह भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं।
