नई दिल्ली:– वर्ल्ड म्यूजिक डे के मौके पर डांसिंग क्वीन नोरा फतेही और मशहूर सिंगर शिल्पा राव का नया गाना ‘या बाबा’ रिलीज हो गया है। रिलीज होते ही यह गाना सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। गाने की खास बात यह है कि इसमें बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता राकेश बेदी भी नजर आ रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार मौजूदगी से वीडियो को और खास बना दिया है।
‘या बाबा’ एक हाई-एनर्जी फेस्टिव सॉन्ग है, जिसमें अरेबिक म्यूजिक और आधुनिक बीट्स का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है। गाने को संगीतकार संजॉय ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल नोरा फतेही, संजॉय और वायु ने मिलकर लिखे हैं। इस गाने में नोरा ने अपने शानदार डांस मूव्स के साथ-साथ अपनी आवाज भी दी है, वहीं शिल्पा राव की दमदार गायकी ने गाने में अलग ही जान डाल दी है।
गाने में राकेश बेदी का अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। अपनी कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन स्क्रीन प्रेजेंस के लिए मशहूर राकेश बेदी फेस्टिव माहौल में पूरी तरह रंगे नजर आते हैं। उनकी मौजूदगी ने वीडियो को हर उम्र के दर्शकों के लिए आकर्षक बना दिया है।
गौरतलब है कि हाल ही में रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ में ‘जमील जमाली’ के किरदार से चर्चा में आए राकेश बेदी अब इस म्यूजिक वीडियो के जरिए एक नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। ‘या बाबा’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह गाना तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
