मुंबई 17 नवंबर । वैश्विक बाजार के कमजोर संकेत से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर एक्सिस बैंक, रिलायंस, कोटक बैंक, एयरटेल समेत 20 कंपनियों में हुई बिकवाली के दबाव में शेयर बाजार आज लगातार दूसरे दिन भी गिर गया लेकिन सेंसेक्स 60 हजार अंक से ऊपर टिकने में सफल रहा।
बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 314.04 अंक लुढ़ककर 60,008.33 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 113.40 अंक गिरकर 17,885.80 अंक पर रहा। बड़ी और मझौली कंपनियों के विपरीत छोटी कंपनियों में लिवाली हुई। मिडकैप 0.21 फीसदी टूटकर 26,360.61 अंक जबकि स्मॉलकैप 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त लेकर 29,243.64 अंक पर रहा। बीएसई में कुल 3464 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1853 गिरावट जबकि 1495 बढ़त में रहे वहीं 116 में कोई बदलाव नहीं हुआ। एनएसई में 35 लाल जबकि 15 हरे निशान पर रहे।
इस दौरान एफएमसीजी, हेल्थकेयर, यूटिलिटीज, ऑटो और पावर समूह की 0.63 प्रतिशत तक की तेजी को छोड़कर शेष अन्य समूह लाल निशान पर रहे। बेसिक मैटेरियल्स 0.62, ऊर्जा 1.78, वित्त 0.63, दूरसंचार 1.02, बैंकिंग 0.79, कैपिटल गुड्स 0.30, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.42, धातु 0.33, तेल एवं गैस 1.39 और रियल्टी समूह के शेयर 1.79 प्रतिशत लुढ़क गये।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गिरावट का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.35 प्रतिशत, जापान का निक्केई 0.40 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसैंग 0.25 प्रतिशत गिर गया जबकि जर्मनी का डैक्स 0.12 प्रतिशत और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.44 प्रतिशत की तेजी रही।