मध्यप्रदेश:- राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार समेत अन्य आरोपियों पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा पूरी तरह धार्मिक होगी, कोई राजनीतिक नहीं. दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि वह 80 वर्ष के हो चुके हैं और पार्टी ने उन्हें सांसद, विधायक सहित सब कुछ दिया है. उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के समय भी उन्होंने स्वयं कहा था कि किसी अन्य व्यक्ति को मौका दिया जाए. उन्होंने कहा कि अब उनकी लड़ाई केवल धर्म की है और वह धर्म रक्षा के लिए काम करेंगे. दिग्विजय सिंह ने बताया कि वह अपनी यात्रा 2 अक्टूबर के बजाय दशहरे के अवसर पर निकालेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान वह कोई प्रवचन नहीं देंगे और न ही यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लिखेंगे. उन्होंने कहा कि यात्रा में किसी राजनीतिक दल का झंडा नहीं होगा, बल्कि सभी धर्मों के झंडे शामिल किए जाएंगे.
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि, “मंदिर निर्माण की जिम्मेदारी किसके पास थी? नृपेंद्र मिश्रा जी के पास और नृपेंद्र मिश्रा जी कौन हैं? वे प्रधानमंत्री के सबसे भरोसेमंद प्रधान सचिव रहे हैं. उन्होंने खुद बड़े स्तर पर लूट और डकैती जैसी बातों का जिक्र किया है. अब यह भी सामने आ रहा है कि निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा था. यहां तक कि पत्थर सप्लाई करने वाले व्यक्ति ने भी कहा कि वह पत्थर मुफ्त में देना चाहता था, लेकिन उससे कहा गया कि मुफ्त में नहीं लेंगे, तुम्हारे नाम से बिल बनाएंगे. 2100 करोड़ रुपये का मामला है. अब बताइए, क्या इसमें नृपेंद्र मिश्रा जी भी शामिल हैं? जब तक यह मामला सामने नहीं आया तब तक आप चुप क्यों रहे? इसकी जिम्मेदारी आपकी भी है. मैं प्रधानमंत्री मोदी से कहना चाहता हूं कि ये लोग आपके प्रति लोगों के मन में जो सम्मान था, उसे खत्म कर रहे हैं.”
नेशनल हेराल्ड पर क्या बोले?
वहीं दिग्विजय सिंह ने नेशनल हेराल्ड केस को लेकर कहा कि इसमें तो एक भी नकद लेन-देन नहीं हुआ था, फिर भी आपने ईडी को पीछे लगा दिया. लेकिन यहां खुलेआम पैसे लिए जाने और चोरी होने की बातें सामने आ रही हैं, तो ईडी कहां है? मैं ईडी के निदेशक से मिलने का समय मांगने के बारे में सोच रहा हूं, ताकि उनसे कार्रवाई करने का आग्रह कर सकूं. मैंने स्वयं भी दान दिया है. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? मैं उन्हें पत्र लिखने पर भी विचार कर रहा हूं.”
