छत्तीसगढ़:– गुढ़ियारी माहेश्वरी महिला संगठन ने सावन के रंगों को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए ‘रंगीला’ सावन उत्सव एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस प्रदर्शनी में फैशन, ज्वेलरी, गृह सज्जा और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। खास बात यह है कि आयोजन से होने वाली आय जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च की जाएगी।
रायपुर के मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी में आयोजित ‘रंगीला’ सावन उत्सव एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ वन बंधु परिषद महिला समिति की प्रदेश मीडिया प्रभारी कविता राठी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
कविता राठी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाजसेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं। प्रदर्शनी में महिलाओं के फैशन, ज्वेलरी, होम डेकोर और अन्य आकर्षक उत्पादों से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग करना एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही इस आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दी है।
संगठन की अध्यक्ष भावना राठी और सचिव संगीता मालानी ने बताया कि प्रदर्शनी में फैशन, ज्वेलरी, गृह सज्जा, हस्तशिल्प और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजन की संयोजिका सविता सोनी और रेखा पुंगलिया ने बताया कि प्रदर्शनी से होने वाली पूरी आय जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए खर्च की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घर से लघु व्यापार संचालित कर रही महिलाओं को मंच देना है।
आयोजन में माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन की थीम पर सजे आयोजन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूर्व अध्यक्ष पुष्पा राठी ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
