छत्तीसगढ़ :– रायगढ़ के सेंट जेवियर स्कूल बोइरदादर में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-126 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना यातायात एवं थाना साइबर की टीम ने शामिल होकर एनसीसी कैडेट्स को सुरक्षित यातायात, साइबर अपराधों से बचाव, पॉक्सो एक्ट और नशा मुक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में 28वीं बटालियन के कर्नल प्रवीण तेवतिया ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा ही एनसीसी की असली पहचान है। उन्होंने युवाओं को समय पालन, जिम्मेदारी, टीम वर्क और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। कर्नल तेवतिया ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेट्स से नशे और गलत संगति से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस दौरान ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, शराब सेवन के बाद ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना जैसी लापरवाहियों को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और अनुशासन से अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, फिशिंग कॉल और साइबर बुलिंग से सतर्क रहने की सलाह दी। वहीं पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों की सुरक्षा, “गुड टच-बैड टच” और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी कैडेट्स को जागरूक किया गया। अंत में कैडेट्स को यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।
