
नईदिल्ली I यूपी के गोण्डा में स्थित आसाराम बापू आश्रम से शुक्रवार भोर में एक नाबालिग लड़की की लाश बरामद होने के बाद आसाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली बिटिया का परिवार दहशत में है। पिछले माह पीड़िता व उसके परिवार को जलाकर मारने की धमकी दी गई थी। पीड़िता के पिता ने धमकी लिखा पत्र पुलिस को दिया था। पुलिस 19 दिन बाद भी धमकी देने वाले को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में जांच-पड़ताल कर रही है।आसाराम प्रकरण में पीड़िता बिटिया के पिता ने बताया कि 21 मार्च की सुबह एक युवक आया। उसने अपने आपको मैनपुरी का रहने वाला बताया। परिवार सहित जलाकर मारने की धमकी दी। एक पत्र भी लिखा हुआ डाल गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस आई और वह पत्र पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जांच पड़ताल की। सीसीटीवी कैमरे को चेक किए गए। फुटेज भी देखी गई। पीड़िता के पिता ने बताया कि कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बताया कि गोंडा आश्रम में एक लड़की की लाश मिली है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सही बात सामने आ सके। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता ने शिकायत की थी। पीड़िता के पिता ने बताया था कि कोई व्यक्ति एक लेटर डाल गया था। पुलिस इस संबंध में तहकीकात कर रही है, अभी आरोपी को तलाश किया जा रहा है।