मुंबई: टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी की तबीयत खराब है। कुछ दिन पहले किडनी इंफेक्शन की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस बात की जानकारी खुद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है। जब से अस्पताल में भर्ती शिवांगी जोशी की तस्वीर सामने आई है तब से उनके फैंस परेशान हो गए हैं। वह अभिनेत्री की पोस्ट पर कमेंट कर उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। अभिनेत्री ने इस पोस्ट जरिए अपना हेल्थ अपडेट भी जारी किया है।
आइए जानते हैं अब कैसी है अभिनेत्री की हालत… शिवांगी जोशी ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में वह थम्स अप करती नजर आ रही हैं, जो इस बात का संकेत है कि अब उनकी सेहत पहले से बेहतर है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “हाय सब लोग, बीते कुछ दिन खराब रहे, मुझे किडनी में इंफेक्शन हो गया है। लेकिन, मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि परिवार, दोस्तों, डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों के सहयोग से मैं अब बेहतर महसूस कर रही हूं। यह पोस्ट आपको याद दिलाने के लिए भी है कि आपको अपने शरीर, मन और आत्मा का ख्याल रखना है और सबसे महत्वपूर्ण बात, आपको हाइड्रेटेड रहना है। आप सभी को प्यार। मैं बहुत जल्द काम पर वापस लौटूंगी।”
शिवांगी की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उनके फैन्स उनके जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं। टीवी सेलेब्स भी अभिनेत्री की पोस्ट पर कमेंट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। धीरज धूपर ने लिखा, “अरे! अपना ख्याल रखो और जल्दी से ठीक हो जाओ.. ।” श्रद्धा आर्या ने लिखा, “ओह नो… जल्दी से ठीक हो जाओ राजकुमारी! सच में! ढेर सारा प्यार और हीलिंग।” इनके अलावा श्वेता तिवारी, रुबीना दिलाइक, प्रीत कमानी, चेतना पांडे, श्रेनु पारिख आदि सेलेब्स ने भी अभिनेत्री की पोस्ट पर कमेंट किया है। बता दें, शिवांगी जोशी जल्द ही शालिन भनोट के शो ‘बेकाबू’ में कैमियो करती नजर आएंगी।