नई दिल्ली:– भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। रविवार को एम्स भोपाल में ट्विशा के शरीर का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा, लेकिन इस बार पोस्टमॉर्टम एम्स दिल्ली से आई वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम करेगी।
इधर जबलपुर हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा शर्मा के दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मध्य प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने रविवार को दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया था। कोर्ट ने AIIMS दिल्ली के निदेशक को मेडिकल बोर्ड गठित करने की अनुमति दी थी।
देर रात तक भोपाल पहुंचेगी टीम
AIIMS दिल्ली के फोरेंसिक विभाग प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने निदेशक की मंजूरी के बाद चार वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित किया है। यही टीम ट्विशा शर्मा का सेकेंड पोस्टमॉर्टम करेगी। मेडिकल बोर्ड की टीम अत्याधुनिक फोरेंसिक उपकरणों के साथ रविवार शाम 6 बजे राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से रवाना होगी और देर रात तक भोपाल पहुंचने की संभावना है।
एम्स में ही होगा दूसरा पोस्टमॉर्टम
इधर, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम एम्स भोपाल में ही कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) कर रहा है और पुलिस लगातार उनके संपर्क में है। मामले में सभी कार्रवाई वैधानिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
परिजनों के आरोपों पर कमिश्नर का बयान
ट्विशा शर्मा के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी पुलिस कमिश्नर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भोपाल पुलिस निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है और जांच में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। ट्विशा की हाइट को लेकर उठे सवालों पर भी कमिश्नर ने जवाब दिया। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की वास्तविक हाइट 5.73 इंच थी, जबकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 5.7 इंच दर्ज की गई है। इस पर संजय कुमार ने कहा कि इस अंतर से जांच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता और इससे मामले की जांच दिशा नहीं बदलती।
