पटना, 24 जनवरी। उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन की उम्मीद लगाए बैठे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को मिली निराशा के बाद पार्टी के दो बड़े नेता खुलकर सामने आ गए हैं।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने समझौता नहीं होने को लेकर सोमवार को सीधे-सीधे केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को जिम्मेदार ठहरा दिया है। उन्होंने कहा, “हमने श्री सिंह की बातों पर भरोसा किया।”
श्री ललन सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने चार माह पहले हमलोगों से कहा था कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी गृह मंत्री और भाजपा के दूसरे नेताओं से बात हुई थी, जिसके बाद हमने उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी। मंत्री श्री सिंह ने कहा था भाजपा की तरफ से उम्मीदवारों की सूची मांगी गई थी, जिसके बाद 30 उम्मीदवारों की सूची दी गई लेकिन इसके बाद कोई सकारात्मक उत्तर नहीं मिला। बीच में कई दौर की बात हुई। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सिंह ने भी भरोसा दिया कि बात हो रही है लेकिन इधर समय निकलता जा रहा है।
जदयू के अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ मंत्री श्री सिंह समझौते की बात करते रहे, वहीं दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में प्रेस वार्ता में यह कह रहे थे कि उत्तर प्रदेश में उनका गठबंधन सिर्फ अपना दल और संजय सहनी जी की पार्टी से ही है। यह हमारे लिए चौंकानेवाली बात थी।